भास्कर न्यूज| जशपुरनगर पूरे छत्तीसगढ़ सहित जशपुर जिले में कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम के उद्देश्य से पोषण पखवाड़ा का आयोजन 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक किया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन और जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में यह कार्यक्रम तेजी से चल रहा है। पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, वन संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। छोटे बच्चों को पर्यावरण के महत्व और प्रकृति की रक्षा करने के आसान तरीकों की जानकारी रोचक ढंग से दी जा रही है, जिससे उनमें शुरू से ही पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। साथ ही, महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने के लिए पोषण जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरी बालिकाओं को संतुलित आहार लेने की सलाह दी जा रही है। भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, अंडा, दूध, केला और चना को शामिल करने के फायदे बताए जा रहे हैं, ताकि शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को ‘बेनीफिशरी मॉड्यूल’ की जानकारी भी दी गई, जिसमें पंजीकरण, संशोधन और निगरानी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। यह जानकारी पोषण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध हो रही है। आंबा केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें बच्चों और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही, विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका उचित लाभ उठाने की भी समझ दी जा रही है। इस प्रकार, पोषण पखवाड़ा जिले में समाज के बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रहा है।


