फरीदकोट में डॉक्टर को रिश्वत देने की कोशिश:लड़ाई-झगड़े का मामला, मेडिकल रिपोर्ट तैयार करवाने की मंशा, दो नामजद

पंजाब में फरीदकोट जिले के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात एक डॉक्टर को 10 हजार रुपए की रिश्वत देने की कोशिश करने के आरोप में थाना सिटी पुलिस ने गांव अराइयां वाला कलां के दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में जगमीत सिंह और हरचरण सिंह संधू शामिल हैं और जगमीत सिंह एक लड़ाई-झगड़े के मामले में अस्पताल में दाखिल हुआ था। उसने अपने पक्ष में एमएलआर रिपोर्ट तैयार करने के लिए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को 10 हजार रुपए की रिश्वत देने का प्रयास किया। व्यक्ति के घर पर किया था हमला जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल शनिवार शाम को गांव अराइयां वाला कलां में जगमीत सिंह नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही गांव के पूर्ण सिंह के घर पर हमला कर दिया था। जिसमें पूर्ण सिंह घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भर्ती करवाया गया। घटना के बाद क्रॉस केस दर्ज करवाने की मंशा से जगमीत सिंह भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हो गया। मेडिकल रिपोर्ट तैयार करवाने की मंशा उसने अपने साथी हरचरण सिंह संधू के साथ मिलकर अपने पक्ष में मेडिकल लीगल रिपोर्ट तैयार करवाने के लिए ड्यूटी पर तैनात डॉ. वसीर अमीन खान को रिश्वत देने की कोशिश की और डॉक्टर के शोर मचाने पर वह रकम को डॉक्टर की मेज पर छोड़ कर चले गए। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मामले में डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉ. वसीर अमीन खान ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर जानकारी दी। जिसके आधार पर थाना सिटी में जगमीत सिंह व हरचरण सिंह संधू पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *