भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर जिले में छोटे और जनजातीय किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए रूरल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट सोसाइटी काम कर रही है। संगठन के सदस्यों ने टिकरा और पड़ती भूमि में फलदार पौधे लगाकर उनकी आय में वृद्धि का कार्य शुरू किया है। इसके साथ ही, यह संस्था पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और मृदा संरक्षण के क्षेत्र में भी गांव-गांव जागरूकता अभियान चला रही है। संस्था का उद्देश्य जशपुर जिले को बागवानी फसलों से ढंकना है और इसके लिए उन्होंने नए-नए प्रयोगों को लागू किया है। इस संस्था के माध्यम से जनजातीय किसानों को नाबार्ड, केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इससे किसानों को नवाचार और आर्थिक सुधार के रास्ते मिल रहे हैं। संस्था के सदस्य राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अब तक 16,900 किसानों की टिकरा और पड़ती भूमि पर पौधरोपण किया जा चुका है। कृषि में नए प्रयोगों को अपनाकर किसानों के आर्थिक लाभ के लिए विभिन्न परियोजनाओं से उन्हें जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, संस्था महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य सुधार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। पोषण जागरूकता अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और किचन गार्डन के लिए पौधों का वितरण किया जाता है। किसान संपर्क कर संगठन के प्रयासों का लाभ ले सकते हैं। फोन नंबर 09406125101, 9406055439, 9406124543, कार्यालय का पता- तिवारी कॉलोनी, दरबारी टोली, जशपुरनगर छत्तीसगढ़


