हिमाचल कांग्रेस ने कल अचानक बड़ी मीटिंग बुलाई:नेशनल हेराल्ड मामले में बनेगी रणनीति, AICC अधिवेशन में लिए फैसलों पर होगी चर्चा

हिमाचल प्रदेश में कल कांग्रेस ने शिमला में अचानक बड़ी मीटिंग बुलाई है। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर बाद ढाई बजे रखी गई इस मीटिंग में कांग्रेस के सभी विधायकों के अलावा 2022 के विधानसभा चुनाव में हारे हुए उम्मीदवारों, सरकार के विभिन्न बोर्ड निगमों में तैनात चेयरमैन-वाइस चेयरमैन, कांग्रेस के सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष को बुलाया गया है। इन्हें मीटिंग में मौजूद रहने के लिए प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सूचना पत्र जारी कर दिया है। इसी तरह कल की मीटिंग के लिए संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी विधायकों को अलग से पत्र जारी किया है। पार्टी ने कल की मीटिंग अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के निर्देशों पर बुलाई है। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर होगी चर्चा बताया जा रहा है कि कल की मीटिंग में नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर विपक्ष के हर हमले का माकूल जवाब देने की रणनीति बनाई जाएगी। इस मामले में देशभर में कांग्रेस पर निरंतर हमले हो रहे है। खासकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दायर करने के बाद यह मामला तूल पकड़ रहा है। हिमाचल में यह मामला ज्यादा गंभीर मुद्दा इसलिए बना हुआ है, क्योंकि राज्य सरकार ने ढाई साल में नेशनल हेराल्ड को 2.34 करोड़ रुपए का विज्ञापन दिया है। विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बना रहा है। विपक्ष का कहना है कि जो अखबार छपता ही नहीं और जिसकी हिमाचल को कोई कॉपी भी नहीं आती, उस अखबार पर करोड़ों लुटाए जा रहे हैं। ऐसे में कल की मीटिंग में नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस रणनीति तैयार करेगी। राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए फैसलों पर होगी चर्चा इसी तरह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के गुजरात के अहमदाबाद में संपन्न अधिवेशन में लिए गए फैसलों को लेकर भी कल की मीटिंग में चर्चा होगी। परसों यानी 23 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शिमला पहुंच सकती हैं और उनके साथ भी प्रदेश कांग्रेस के नेता नेशनल हेराल्ड मामले में रणनीति बनाएंगे।रजनी पाटिल कांग्रेस के नए संगठन का ऐलान कर सकती हैं। सूत्रों की मानें तो अभी कुछ जिलों के अध्यक्षों का ऐलान संभव है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कल की मीटिंग में नेशनल हेराल्ड मामले में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को कल इस मीटिंग में हर हाल में शामिल होने को कहा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *