हनुमानगढ़ में ई-रिक्शा चालकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख स्थानों पर अधिकृत स्टैंड की मांग की है। चालकों का कहना है कि स्टैंड नहीं होने से उन्हें यातायात पुलिस और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ई-रिक्शा चालक रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, भगतसिंह चौक और कोर्ट गेट नंबर-3 पर स्टैंड चाहते हैं। वर्तमान में निर्धारित स्टैंड नहीं होने से वे सड़क किनारे यात्रियों को बिठाते हैं। इससे ट्रैफिक बाधित होता है। कई बार पुलिस और अन्य चालकों से विवाद भी होता है। ई-रिक्शा चालकों का मानना है कि निर्धारित स्टैंड बनने से विवाद खत्म होंगे और आवागमन भी सुचारु रहेगा। उन्होंने डीजल ऑटो स्टैंड वाली जगहों पर भी ई-रिक्शा के लिए स्थान मांगा है। ई-रिक्शा चालकों ने सुझाव दिया है कि या तो डीजल ऑटो स्टैंड के पास जगह दी जाए या फिर उन्हें ई-रिक्शा स्टैंड में बदल दिया जाए। ज्ञापन में ई-रिक्शा चालकों ने प्रशासन और पुलिस से सहयोग की भी मांग की है। उनका कहना है कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सभी को सुविधा मिलेगी।


