झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में डायन प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। मसनोडीह गांव में एक महिला और उसके बेटे को कथित तौर पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने बताया कि गांव के बुधन हेम्ब्रम के 15 वर्षीय बेटे दीपक कुमार की बीमारी से मृत्यु हो गई। बुधन ने महिला पर अपने बेटे की मौत का आरोप लगाया। उसने कुछ अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडों से महिला पर हमला किया। शव के साथ खटिया से बांध की पिटाई पीड़िता के बड़े बेटे ने बताया कि आरोपी उसके छोटे भाई को जबरन अपने साथ ले गए। उन्होंने उसे मृत दीपक के साथ एक खटिया में बांध दिया और मारपीट की। पुलिस को सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को भी रोक लिया। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से पीड़ित परिवार को बचाया गया। यह पिछले 15 दिनों में इस क्षेत्र में डायन प्रताड़ना का दूसरा मामला है। पीड़िता ने डोमचांच थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की कर रहे हैं जांच: थाना प्रभारी
इधर, डोमचांच थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। मामले की छानबीन की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


