सरगुजा जिले में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही महिलाओं की ऑटो सलका-उदयपुर मार्ग में तेज रफ्तार में पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के छह सवार घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में दाखिल किया गया। वहां से रेफर किए जाने पर महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। यहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर ब्लॉक अंतर्गत सलका निवासी उमेश्वर की मां नान्ही बाई (50 साल), मामी फूलमती, भाभी लाली, बहन प्रमिला व बेबी, चाची 20 अप्रैल को शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम अमगसी गए हुए थे। शादी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऑटो क्रमांक CG 10 AL 7113 में सवार होकर वापस गाँव लौट रहे थे। रास्ते में आटो चालक द्वारा द्वारा तेज और लापरवाहीपूर्वक ऑटो चलाया जा रहा था। तेज रफ्तार में पलट गई आटो, मची चीख-पुकार
उदयपुर मुख्य मार्ग में ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार में ऑटो सड़क किनारे पलट गई। घटना में ऑटो सवार महिलाएं घायल हो गईं और घायलों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने संजीवनी एक्सप्रेस 108 की मदद से घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हॉस्पिटल से नान्ही बाई को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अन्य महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल को रात 10 बजे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर में दाखिल किया गया। उपचार के दौरान महिला की सोमवार को मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सड़क दुर्घटना में घायल ग्रामीण की मौत
जशपुर जिले में बाइक से गिरकर गंभीर रुप से घायल ग्रामीण की मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम गम्हरिया निवासी शंकर भगत (50 साल) 20 अप्रैल को अपनी पत्नी बैजंती के साथ त्योहार मनाने के लिए ग्राम बेकंठा गया हुआ था। वहां से वापस आते समय ग्राम पीढ़ी के पास बाइक के बेकाबू हो जाने के कारण दोनों गिरकर घायल हो गए। घायल शंकर भगत को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर करने पर यहां दाखिल किया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


