मोबाइल से चेक कर सकेंगे, आज कितनी बिजली की खर्च:15 पैसे सस्ती मिलेगी प्रीपेड बिजली, 1.42 करोड़ उपभोक्ताओं के घर-ऑफिस-फैक्ट्रियों में लगेंगे स्मार्ट मीटर

राजस्थान में अब 1 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ता को बिजली 15 पैसे सस्ती मिल सकेगी। यह संभव होगा, घर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद। राज्य सरकार ने हर घर, दुकान, ऑफिस, फैक्ट्री में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर ली है। इसके तहत प्रीपेड यानी ‘पहले पैसा फिर बिजली’ का ऑप्शन चुनने पर 15 पैसे प्रति यूनिट बिजली डिस्काउंट मिलेगा। स्मार्ट मीटर को ‘बिजली मित्र’ ऐप से कनेक्ट किया जाएगा। इससे उपभोक्ता अपने मोबाइल पर ही डेली उपभोग और अनुमानित बिल चेक कर सकेंगे। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार स्मार्ट मीटर योजना की जल्द औपचारिक शुरुआत करने वाली है। क्या कोई उपभोक्ता लगवाने से इनकार कर सकता है? स्मार्ट मीटर लगाने के क्या ग्राहक को पैसे देने पड़ेंगे? क्या स्मार्ट मीटर से बिजली बिल ज्यादा आएगा? दैनिक भास्कर ने ऐसे ही सवालों के जवाब अशोक वर्मा एसई (आईटी), जेवीवीएनएल से जाने। पढ़िए- मंडे स्पेशल स्टोरी में… सवाल : वर्तमान में लगे मीटर और स्मार्ट मीटर में क्या अंतर है?
जवाब : वर्तमान में लगे मीटर में मासिक बिल मिलने के बाद ही खपत का पता चलता है। साथ ही, इन मीटरों में मैन्युअल निगरानी रखनी पड़ती है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपने स्मार्ट फोन के जरिए बिजली खपत को रियल टाइम पर ट्रैक कर सकते हैं। ऑनलाइन रिचार्ज/बिल भुगतान कर सकते हैं। वर्तमान में लगे मीटर की बजाय स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं और कंपनियों के बीच अधिक पारदर्शिता आएगी। सवाल : क्या स्मार्ट मीटर लगाने से हमारा बिजली बिल अधिक आएगा?
जवाब : ऐसा बिल्कुल नहीं है। स्मार्ट मीटर भी वर्तमान में लगे मीटर की तरह ही बिजली के उपभोग को रिकॉर्ड करेगा। फर्क बस इतना है कि ये बिजली सप्लाई और उपभोग की व्यवस्था को स्मार्ट बना देगा। इसलिए इसे स्मार्ट मीटर कहा जाता है। उपभोक्ता अपने मोबाइल पर ही डेली उपभोग को चेक कर सकेंगे। सवाल: क्या स्मार्ट मीटर लगाने के लिए मुझे कोई भुगतान करना है, इसका कोई चार्ज मेरे बिल में जोड़ा जाएगा?
जवाब : नहीं, स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ता को कोई भुगतान नहीं करना है। न ही अन्य कोई चार्ज बिल में जुड़ेगा। घर पर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए वेंडर आएगा। उसे कोई भुगतान न करें, क्योंकि यह सेवा सरकार द्वारा फ्री दी जा रही है। सवाल : क्या कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने से मना कर सकता है?
जवाब : नहीं, सरकार के आदेश के तहत वर्तमान मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलना अनिवार्य है। सभी तरह के उपभोक्ताओं (घरेलू/कृषि/कॉमर्शियल) को स्मार्ट मीटर लगवाना जरूरी है। इसके बदले किसी को कोई राशि जमा नहीं करवानी है। यदि आपसे कोई राशि मांगे, तो टोल फ्री नंबर 1912 या 18001806507 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्मार्ट मीटर के पैसे मांगने पर नजदीकी ऑफिस में भी शिकायत कर सकते हैं। सवाल : इससे बिल जमा करवाने की प्रक्रिया में कोई अंतर आएगा क्या?
जवाब : स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल भरने की व्यवस्था में कोई अंतर नहीं आने वाला। हमेशा की तरह बिजली बिल निर्धारित तारीख को ऑटो जनरेट होगा। भुगतान के लिए सभी मौजूदा विकल्प उपलब्ध रहेंगे, जैसे- बिजली विभाग के काउंटर, ऑनलाइन पेमेंट गेटवे, मोबाइल वॉलेट और बैंकिंग ऐप। यदि समय पर भुगतान नहीं करने से कनेक्शन कट जाए, तो भुगतान के बाद बिजली कनेक्शन जोड़ने का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। भुगतान के 30 मिनट के अंदर ही उपभोक्ता की बिजली वापस कनेक्ट कर दी जाएगी, लेकिन उससे पहले पुराने सभी बिलों के भुगतान करने होंगे। सवाल : बिजली उपभोक्ता के घर स्मार्ट मीटर लगाने का प्रोसेस क्या है, इसे इंस्टॉल करने में कितना समय लगता है?
जवाब : स्मार्ट मीटर इंस्टॉल करने में 30 से लेकर 45 मिनट तक का समय लगता है। प्रोसेस यह है कि हमारा मीटर इंस्टॉलर (मीटर लगाने वाला) उपभोक्ता के घर जाएगा। उपभोक्ता से बिल मांगेगा और पूरी डिटेल वेरिफाई करेगा। सवाल : स्मार्ट मीटर लगाने के प्रोजेक्ट से उपभोक्ता को क्या-क्या फायदे मिलेंगे? डिपार्टमेंट को किस तरह से लाभ होगा?
जवाब : पायलट प्रोजेक्ट के तहत जो मीटर लगाए हैं, उसका अच्छा रिस्पॉन्स है। जनता को स्मार्ट मीटर से कई फायदे हैं। ग्राहक अपने घर, दुकान या फैक्ट्री का रियल टाइम उपभोग देख सकता है। यदि उसे रियल टाइम में लोड ज्यादा लग रहा है, तो वह मॉनिटर कर सकता है। यदि ज्यादा लोड है, तो वह व्यर्थ में चल रहे बिजली संयंत्र बंद करके लोड मैनेज कर सकता है। बिजली न होने की शिकायतों का जल्दी समाधान होता है, क्योंकि वितरण कंपनी को तुरंत समस्या का पता चल जाता है। वहीं, कंपनियों को भी फायदा है कि बिल में गलतियों की शिकायतें आती थीं, ये काफी कम हो जाएंगी या न के बराबर हो जाएंगी। साथ ही बिलिंग प्रोसेस भी ऑटोमेटिक और काफी आसान हो जाएगी। अभी जो मीटर लगे हुए हैं, उनके जरिए बिलिंग प्रोसेस में 15-20 दिन तक लग जाते हैं, स्मार्ट मीटर से इस प्रोसेस में आधे से भी कम वक्त लगेगा। एक सेंटर या एक जगह से ही ग्राहकों के मीटरों की मॉनिटरिंग हो सकेगी। सवाल : क्या प्रीपेड की सुविधा मिलेगी? अगर हां तो उससे ग्राहक को क्या फायदा होगा?
जवाब : स्मार्ट मीटर में पोस्टपेड और प्रीपेड दोनों तरह से ग्राहक अपने उपभोग (बिल) का भुगतान कर सकेगा। यदि कोई उपभोक्ता प्रीपेड टैरिफ चुनता है, तो डिपार्टमेंट की तरफ से उसे 15 पैसे प्रति यूनिट की छूट भी मिलेगी। यदि बिजली उपभोग 100 यूनिट हर महीने का हो, तो 15 पैसे प्रति यूनिट की छूट का मतलब है कि आप 15 रुपए का डिस्काउंट प्राप्त कर सकते हैं। इसी तरह अगर आप 500 यूनिट बिजली की खपत करते हैं, तो आप 75 रुपए तक की छूट प्राप्त कर सकते हैं। प्रीपेड को बढ़ावा देने के लिए इसका प्रचार भी किया जा रहा है। जैसे ही ग्राहक ‘बिजली मित्र’ की ऐप खोलेगा, तो 15 पैसे प्रति यूनिट डिस्काउंट का मैसेज नोटिफिकेशन और पॉपअप के जरिए मिलेगा। सवाल : ‘बिजली मित्र’ ऐप काम कैसे करेगा? जवाब : स्मार्ट मीटर इंस्टॉल होने के बाद, आपको ‘बिजली मित्र’ मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। ऐप ओपन करते ही सीधे हाथ की तरफ ‘माई स्मार्ट मीटर’ आइकन दिखेगा। माई स्मार्ट मीटर’ पर टच करते ही…. डेली एनालिसिस रिपोर्ट स्क्रीन पर राइट साइड में ‘डेली एनालिसिस रिपोर्ट’ का टैब है। इस पर टच करने से आपके घर की बिजली उपभोग की पूरी रिपोर्ट खुल जाएगी। इस रिपोर्ट में आप रोजाना, सप्ताह, महीने के अनुसार अपने बिजली के उपभोग की जानकारी ले सकते हैं। पावर क्वालिटी बीच में एक ‘पॉवर क्वालिटी’ का टैब दिया हुआ है। इस पर टच करने से बिजली सप्लाई की गुणवत्ता की जांच कर सकते हैं। वोल्टेज मानक के हिसाब से मिले या नहीं, या फिर वोल्टेज में कितना वेरिएशन आया, स्मार्ट मीटर ये रिकॉर्ड भी दर्ज करेगा और बिजली मित्र एप पर दिखाएगा। महीने में कब-कब आपके घर बिजली सप्लाई बंद हुई। बिजली सप्लाई में इंट्रप्शन (फ्लक्चुएशन) आए हैं, ये रिकॉर्ड भी दिखाता है। कुल कितने घंटे बिजली की सप्लाई हुई और कितना उपभोग हुआ, ये रिकॉर्ड भी आप हाथों-हाथ जान सकेंगे। ऑन डिमांड रियल टाइम में पूरी जानकारी देने के लिए स्क्रीन के बीच में एक ‘ऑन डिमांड’ टैब का भी आप इस्तेमाल कर सकते हैं। क्या लोड चल रहा है और लोड कितने एंपीयर का है, ये रियल टाइम में अपडेट हो जाएगा और आपको दिखाएगा भी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *