सोशल मीडिया पर आए दिन पंजाब पुलिस किसी न किसी कारण चर्चा में रहती है। ऐसा ही एक वीडियो तरनतारन में सामने आया है जिसमें थाना सदर में तैनात एएसआई समंदर सिंह अवैध लाहन के साथ पकड़ी गई भट्टी और बाल्टाअपनी कार में रख रहा है। बता दे कि 18 अप्रैल को एक्साइज विभाग की ओर से तरनतारन के गांव नोने में एक घर में छापेमारी की गई थी। जिस दौरान 10 ड्रमों में 2 हजार लीटर लाहन के साथ 2 भट्टियां, एक बाल्टा और 20 लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी। इस संबंधी जब थाना सदर में मुकद्दमा नंबर 73 दर्ज किया गया तो 2 भट्टियां, एक बाल्टा व 20 लीटर शराब नहीं दिखाई गई। मामले में पवनबीर सिंह और मेजर सिंह को गिरफ्तार भी किया गया है। यह मामला उक्त एएसआई की ओर से दर्ज किया गया था। उधर एसपी (डी) अजयराज सिंह का कहना है कि एक्साइज विभाग की ओर से जो रिपोर्ट पुलिस को दी जाती है उसके आधार पर ही केस दर्ज किया जाता है। फिर भी मामले में एक्साइज विभाग की ओर से जानकारी ली जाएगी। उधर एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर राम मूर्ति का कहना है कि मामला उनके ध्यान में नहीं है। एएसआई संमदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस मुकद्दमे में बरामद शराब ही दर्ज की जाती है। भट्ठियों और अन्य वस्तुओं की अलग से फर्द बनती है। एक पत्रकार ने आरोपियों से मुकद्दमे से बचाने लिए 10 हजार रुपए लिए थे। जब उन्हें पता चला तो उक्त पत्रकार ने 6 हजार रुपए वापस कर दिए। इसी रंजिश में उसने उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की है।


