भास्कर संवाददाता | जैसलमेर भांकरोटा में हुए हादसे को लेकर चिकित्सा मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर ने कहा कि मृतकों व घायलों को सहायता तो दी ही जाएगी, इसके साथ ही एसएमएस अस्पताल ने त्वरित एक्शन लेते हुए पूरी चिकित्सा की टीम सुबह ही अस्पताल पहुंच गई और घायलों के उपचार में जुट गई। टीम ने 30 बेड का एक स्पेशल वार्ड भी तैयार कर लिया हालांकि उसकी जरूरत नहीं पड़ी। जीएसटी काउंसिल की बैठक में भाग लेने के लिए शनिवार को जैसलमेर पहुंचे चिकित्सा मंत्री ने कहा कि इस हादसे में जो घायल अस्पताल में भर्ती है, उनकी स्थिति क्रिटिकल है। एनएचएआई की जिम्मेदारी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि एनएचएआई ने उस रोड को छह लेन कर दिया है। इसके अलावा सड़कों पर ट्रैफिक भी बढ़ गया है। हाइवे पर मेडिकल फेसिलिटी बढ़ाने पर मंत्री ने कहा कि अब हम चिकित्सा सुविधा को लेकर राष्ट्रीय मार्गों पर सपोर्ट सिस्टम से युक्त 100 नई एंबुलेंस जल्द ही रिलीज की जाएगी। जैसलमेर में मेडिकल कॉलेज के सवाल पर कहा कि लगभग एक साल के अंदर ही जैसलमेर को मेडिकल कॉलेज शुरू कर दिया जाएगा। इस काम को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।


