केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मंगलवार को दौसा के दौरे पर रहे, यहां उन्होंने रावत पैलेस में पार्टी द्वारा आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर किया, इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों द्वारा गुर्जर का का स्वागत किया गया। संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा- कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया है। षडयंत्र पूर्वक दो बार चुनाव हरवाया, उनके नाम पर अनुसूचित जाति के लोगों को बरगलाया। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान की धज्जियाँ उड़ाई, पैरों के तले रौदने का काम किया, इमरजेंसी लगाई, 88 बार चुनी हुई सरकारों को अलोकतांत्रिक तरीके से बर्खास्त किया। कांग्रेस ने इमरजेंसी को सही ठहराने, तुष्टिकरण और मनचाहे फैसलों के लिए 75 बार संविधान संशोधन किया। उन्होंने कहा पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने भारत रत्न ले लिया, लेकिन असली हकदार बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न के लिए 60 साल इंतजार करना पड़ा और 1990 में एनडीए की सरकार ने उन्हें भारत रत्न का सम्मान दिया। कांग्रेस की सरकारों ने तो संसद के सेंट्रल हॉल में डॉक्टर अंबेडकर की तस्वीर तक नहीं लगाई थी जिसे भाजपा सरकार ने लगाया। यही नहीं अब कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों में धर्म के आधार पर आरक्षण का प्रावधान कर संविधान का मखौल उड़ाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष नहीं बनाना चाहती थी, साहबानो केस जैसे अनेकों उदाहरण सबके सामने हैं। जबकि मोदी सरकार संविधान के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के पास प्रधानमंत्री का संवैधानिक दायित्व था, लेकिन उस वक्त नेशनल एडवाइजरी कमेटी बनाई और उसका अध्यक्ष सोनिया गांधी को बनाकर पॉवर उनको दे दिया गया। यहां वह संविधान का अपमान नहीं था। मनमोहन सिंह के ही कार्यकाल में राहुल गांधी ने कैबिनेट की फैसले को मीडिया के सामने फाड़कर संविधान की धज्जि उड़ाई, लेकिन आज वहीं लोग संविधान की बात कर रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों का सबसे ज्यादा दुरूपयोग कांग्रेस शासन में ही हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुसूचित जाति के लोगों के बीच जाकर यह बताना होगा कि कांग्रेस ने कैसे और कब-कब बाबा साहब को अपमानित और संविधान को तार-तार किया है। मोदी विरोध में देश विरोधी बने राहुल गांधी वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा विदेश में भारत विरोधी बयानबाजी के सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर ने कहा- मोदी विरोध करते-करते राहुल गांधी देश के विरोध पर उतर आया है। इससे पहले भी विदेश में जाकर देश विरोधी बातें की हैं। वो देश में कुछ बोलते हैं और बाहर जाकर कुछ और। देश के विरोध में इससे बुरी बात और कुछ नहीं हो सकती। पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा- डॉ. अम्बेडकर ने गरीबों के उत्थान के लिए काम किया। एक पार्टी उनका हमेशा विरोध करती रही और वोट भी बटोरती रही। मोदी सरकार ने बाबा साहब की 125वीं जयंती पर एक साल तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर अम्बेडकर के विचारों को आगे बढ़ाया। केन्द्र सरकार कई ऐसी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ वंचित वर्ग को मिल रहा है। कांग्रेस ने लोगों को भ्रमित किया पूर्व मंत्री रामकिशोर मीणा ने कहा- कांग्रेस ने हमेशा भ्रान्ति फैलाई कि भाजपा आरक्षण खत्म कर देगी। लेकिन भाजपा की सरकारों ने वंचित वर्ग के उत्थान के कई कार्य किए। इससे उनको भी भाजपा पर भरोसा है। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से डॉ. अम्बेडकर को भारत रत्न मिला। मोदी सरकार ने पंच तीर्थ विकसित कर डॉ अम्बेडकर को सम्मान दिया। कार्यक्रम के मंच पर राष्ट्रीय कार्य परिषद के सदस्य टीकम सिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रतन तिवाड़ी, कार्यक्रम संयोजक हरकेश मटलाना, भगवान वर्मा मौजूद हैं। खबर अपडेट की जा रही है…


