श्रीगंगानगर में 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक जिलेभर में आयोजित किए गए पोषण पखवाड़ा का समापन मंगलवार को सूरतगढ़ स्थित बिश्नोई मंदिर परिसर में किया गया।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य सामाजिक और व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से पोषण स्तर को बेहतर बनाना और समुदाय को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। रंगारंग व ज्ञानवर्धक एक्टीविटीज हुई
समापन समारोह में विविध रंगारंग और ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पोषण व्यंजन प्रदर्शनी, पोषण गीत, रंगोली प्रतियोगिता, जानकारी आधारित संवाद सत्र जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इन सभी गतिविधियों ने पोषण के प्रति जागरूकता को प्रभावशाली ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी नवदीप कौर ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वस्थ समाज की नींव सही पोषण पर आधारित होती है। ऐसे आयोजन हमें अपने लक्ष्यों की ओर प्रेरित करते हैं और समाज में वास्तविक बदलाव की राह खोलते हैं।” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भामाशाह लड्डू मुद्गल ने भी भाग लिया और अपने संबोधन में पोषण जागरूकता को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। समारोह में पोषण अभियान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तसलीम, समस्त महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


