रांची | ठेकों में कमीशनखोरी से प्राप्त अवैध कमाई की मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के आप्त सचिव संजीव कुमार लाल ने जून 2022 में बरियातू के अरविंद मार्ग में 10 कट्ठा का प्लॉट खरीदा था। उस प्लॉट में मकान भी बना था। संजीव लाल ने इसके लिए 2.85 करोड़ रुपए का भुगतान किया था। प्लॉट की खरीदारी स्वर्णजीत सिंह गिल से की थी। शनिवार को मामले में ईडी के गवाह स्वर्णजीत सिंह गिल ने पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में इसे प्रूफ किया। मामले में ईडी के विशेष लोक अभियोजक शिव कुमार काका ने गवाह से कब और कितनी राशि में प्लॉट की खरीदारी हुई, इस बारे में पूछताछ की। इस पर गवाह ने अदालत को पूरी जानकारी दी। मामले में ईडी की ओर से पहली गवाही दर्ज की गई, जो पूरी नहीं हो सकी। मामले में अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी।


