केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान पर सभी राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इसमें झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी शामिल हुए। टीबी उन्मूलन को लेकर देश के 347 जिलों में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है, इसमें झारखंड के 4 जिले हजारीबाग, रामगढ़, गुमला व सिमडेगा भी है। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि टीबी का उन्मूलन जन भागीदारी बढ़ाकर ही किया जा सकता है। उन्होंने टीबी के प्रति भ्रांति दूर करने व अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए योजना बनाकर कार्य करने की बात कही। टीबी मरीजों के निक्षय मित्र बनकर पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों, कॉर्पोरेट और गैर सरकारी संस्थाओं से अभियान में आगे आने की अपील की। बैठक में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान बेहतर ढंग से चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जन भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इसका मूल्यांकन एवं पर्यवेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने झारखंड में अधिक से अधिक निश्चय मित्र बनाने के लिए भी कहा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से झारखंड का पिछड़ा राज्य होने के नाते यहां के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर व मेडिकल कॉलेज खोलने में सहयोग देने की अपील की। 7 दिसंबर से अभियान चल रहा, 17 मार्च तक चलेगा बैठक के बाद मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उच्च जोखिम वाले लोगों की संभावित टीबी जांच व उपचार किया जा रहा है। निक्षय वाहन के माध्यम से लोगों को जागरूक और निक्षय शिविर आयोजित कर सभी संभावित टीबी मरीजों की जांच की जा रही है। अभियान 7 दिसंबर से शुरू हुआ है, जो 17 मार्च 2025 तक चलेगा। बैठक में स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक अबू इमरान और राज्य यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. कमलेश कुमार भी थे।


