भास्कर न्यूज | चित्तरंजन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार की सुबह हाइड्रोक्लोरिक एसिड से लदा टैंकर पलट गया। यह हादसा दुर्गापुर के मुचिपाड़ा फ्लाईओवर के पास हुआ। टैंकर बिहार से कोलकाता की ओर जा रहा था। टैंकर पलटते ही तेज गैस का रिसाव शुरू हो गया। िजससे पूरे इलाके में तीव्र धुआं और तेज दुर्गंध फैल गई। िजससे लोग दहशत में आ गए। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एक भारी क्रेन भी बुलाई गई। पुलिस ने असनसोल और बर्दवान की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दी। राहत की बात रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टैंकर को क्रेन से हटाया गया। इसके बाद सड़क को दोबारा खोल दिया गया। बताया जा रहा है िक हाइड्रोक्लोरिक एसिड एक तीव्र गंध वाली और संक्षारक रासायनिक पदार्थ है। यह हाइड्रोजन क्लोराइड गैस का जलीय घोल होता है। इसका उपयोग कई रासायनिक और औद्योगिक कार्यों में होता है। गैस के संपर्क में आने से सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और त्वचा पर असर हो सकता है। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति पर काबू पाया गया। एक बड़ा हादसा टल गया। काफी देर बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो गया। क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया है।


