स्कूल में 4 साल के मासूम को बांधकर पीटा, VIDEO:कमरे में बंद कर स्टाफ करता था टॉर्चर, शिकायत के एक महीने बाद प्रिंसिपल गिरफ्तार

प्रतापगढ़ शहर के जीरो माइल चौराहा स्थित आर्य कुल शिक्षण संस्थान में एक चार वर्षीय मासूम बालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। माता-पिता ने कोतवाली थाना पुलिस में 22 मार्च को प्रिंसिपल निर्मला कुंवर, मैनेजमेंट कर्मी संगीता कुंवर और संचालक लोकेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था, लेकिन लेट लतीफी के चलते 20 अप्रैल को प्रिंसिपल की गिरफ्तारी हुई है। मामले में प्रतापगढ़ डीएसपी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल स्कूल में मासूम के साथ जो हुआ वह दिल दहला देने वाला है। हाथ-पैर बांधकर घंटों बैठाया जाता प्ले ग्रुप में पढ़ने वाले चार साल के मासूम की मां का आरोप है कि स्कूल में उसे जानबूझकर अलग कमरे में बंद रखा जाता था। हाथ-पैर बांधकर घंटों बैठाया जाता और यूरीन इन्फेक्शन की हालत में भी उसे कोई देखरेख नहीं मिली। जब मां को शक हुआ तो वे स्कूल पहुंची। उन्हें पता चला कि मासूम के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाई तो पता चला स्कूल प्रिंसिपल निर्मला कुंवर बच्चे को पीटती दिखाई दे रही हैं। इसी आधार पर पुलिस ने 20 अप्रैल को उन्हें गिरफ्तार किया है। बच्चे के माता-पिता ने एससी-एसटी एक्ट, जेजे एक्ट और शिक्षा अधिकार कानून की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाना पुलिस में 22 मार्च को मामला दर्ज करवाया गया था, लेकिन निजी स्कूल संचालक और स्कूल के ख़िलाफ इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस घटना के बाद उत्तरप्रदेश के नोएडा में एक विशेष आवश्यकता वाले बच्चे को स्कूल में पीटने का मामला सामने आया था। वहां निजी स्कूल के एक शिक्षक को सीसीटीवी वायरल होने के बाद तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। स्कूल को भी सीज कर दिया गया। वहीं प्रतापगढ़ में शिकायत, एफआईआर और वीडियो फुटेज के बावजूद स्कूल संचालक लोकेंद्र सिंह और स्कूल के खिलाफ कोई स्पष्ट कार्रवाई अभी तक सामने नहीं आई है। जांच के दायरे में संस्थान संचालक जानकारी के अनुसार आर्य कुल स्कूल के सभी सीसीटीवी डीवीआर और वीडियो रिकॉर्डिंग एक निजी कॉलेज के कार्यालय में सेव होती थीं। यहीं से पुलिस ने वीडियो फुटेज और डीवीआर बरामद किए। यानी मासूम के साथ हो रही बर्बरता की सीधी मॉनिटरिंग खुद लोकेंद्र सिंह के सिस्टम से हो रही थी। लोकेंद्र सिंह केवल इस स्कूल के नहीं, बल्कि एक बड़े शैक्षणिक समूह और रेडियो स्टेशन के संचालक हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में है और डीएसपी स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *