धनबाद रेल मंडल अंतर्गत सीआईसी सेक्शन में सफर करने वाले आम रेल यात्रियों के समय का ख्याल नहीं रख जा रहा है। रेलवे मालगाड़ियों को चलाने के लिए लोकल पैसेंजर ट्रेनों को घंटों खड़ा कर दिया जा रहा है। इसे लेकर पिछले कई महीनों से आम रेल यात्री परेशान हैं। पैसेंजर ट्रेनों को लातेहार से बरवाडीह स्टेशन तक पहुंचाने के लिए रेलवे 30-40 मिनट का समय निर्धारित किया है, लेकिन मौजूदा समय में कई ऐसे लोकल पैसेंजर ट्रेन हैं, जिसे यहां तक पहुंचने में दो-ढाई घंटे का समय लग जाता है। इस सेक्शन की लाइफ लाइन ट्रेनों में बरकाकाना-वाराणसी बीडीएम, बरकाकाना डेहरी, नेताजी सुभाष चद्र बोस गोमो-चोपन समेत कई पैसेंजर ट्रेन लेट लतीफ रहती है। रेल प्रशासन यात्रियों की इस परेशानी को अनदेखा कर रहा है। शनिवार सुबह बरकाकाना से वाराणसी जाने वाली बीडीएम पैसेंजर लातेहार से 7:12 बजे खुलने के बाद 3 घंटे 45 मिनट की देरी से 10:57 बजे बरवाडीह स्टेशन पहुंची। जिससे इस पैसेंजर ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री पुरे सफर में परेशान रहे। बरवाडीह से डाल्टेनगंज कॉलेज जाने बरवाडीह स्टेशन पहुंची छात्रा कविता कुमारी, मंजू कुमारी समेत कई यात्री ट्रेन के समय पर नहीं पहुंचने से निराश होकर वापस अपने घर लौट गए। वही लातेहार से डाल्टेनगंज जा रहे प्रवीण कर्ण ने बताया कि सुविधा और जल्दी पहुंचने के लिए घर के सामने से बस को छोड़ ट्रेन से डाल्टेनगंज के लिए निकले थे। बरवाडीह पहुंचने में ही उसे चार घंटे लग गए। इतने समय में तो बस से जाकर वापस घर लौट आता। इंदु भूषण सिन्हा, दिलीप यादव, सुबोध सोनी समेत कई रेल यात्रियों ने बताया कि इस सेक्शन में टोरी से बरवाडीह स्टेशन के बीच ही यह समस्या है। रेलवे लोकल पैसेंजर ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों में खड़ी कर रेलवे द्वारा मालगाड़ियों को निकाल रहा है। दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण ही मजबूरी में ट्रेन से सफर करना पड़ रहा है।


