पंजाब में फरीदकोट जिला पुलिस ने एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 16 क्विंटल 10 किलो चूरापोस्त के साथ तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जैतो के गांव चैना के गुरमीत सिंह, फरीदकोट के भोलू वाला रोड के सलविंदर सिंह उर्फ सोना और संजय नगर बस्ती के रहने वाले सुखपाल सिंह उर्फ मनी के रूप में हुई। थाना बाजाखाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर ली तलाशी जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ जैतो के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर गुरलाल सिंह की अगुआई में पुलिस पार्टी ने गश्त और चेकिंग के दौरान बाजाखाना क्षेत्र में अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर शक के आधार पर एक कैंटर को रोका और तलाशी लिए जाने पर कैंटर में से 73 गट्टों में भरा हुआ 16 क्विंटल 10 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक खंगालेगी पुलिस डीएसपी(डी) अरुण मुंडन ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों पर नशा तस्करी का कोई मामला दर्ज नहीं है, जबकि एक पर सड़क दुर्घटना से संबंधित मामला जरूर दर्ज है। अब इन्हें कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा और इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि फरीदकोट पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और पिछले 8 महीने के दौरान फरीदकोट जिला पुलिस ने 292 मामलों में 549 नशा तस्कर गिरफ्तार किए हैं।


