फरीदकोट में खेत में बमनुमा वस्तु मिलने से दहशत:पुलिस का सैन्य अधिकारियों से संपर्क, धुआं देने वाला निकला शैल

पंजाब में फरीदकोट जिले के गांव अराइयां वाला कलां में बुधवार शाम उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब एक किसान को अपने खेत में मशीन से फसल काटते समय बम जैसी वस्तु मिली। खेत के मालिक ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद थाना सदर फरीदकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मौके पर आकर ग्रामीणों को एक तरफ हटाया और बम जैसी वस्तु की जांच की। धुएं के लिए इस्तेमाल होने वाला शैल इसके बाद यह बात सामने आई कि यह सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाला शैल हो सकता है और इसके लिए पुलिस ने सेना के अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया गया। जिसके बाद यह बात सामने आई कि खेत में मिली वस्तु, धुंए के लिए इस्तेमाल होने वाला शैल है, जिसका इस्तेमाल सेना द्वारा किया जाता है। यह वस्तु गांव के खेत में कैसे पहुंची, इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने लोगों को मौके से हटाया थाना सदर एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि वस्तु मिलने से काफी डर का माहौल था। जिसके बाद वहां से लोगों को हटाया गया और बमनुमा वस्तु को एक तरफ रख दिया गया। इस संबंध में सैन्य अधिकारियों से बात की तो उन्होंने जानकारी दी कि यह बम नहीं, बल्कि धुएं वाला शैल है। जिसके बाद भय का माहौल कुछ कम हुआ। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। कंबाइन के नीचे आने पर दी पुलिस को सूचना वहीं टीम मौके पर आने के बाद जांच करेगी और या तो इसे अपने साथ ले जाएंगे या फिर इसे डिस्पोज कर देंगे। उधर खेत मालिक कर्म सिंह ने बताया कि उसका भतीजा खेत में फसल काट रहा था कि अचानक कंबाइन के नीचे कोई भारी वस्तु आ गई। जिसके बाद उसे लगा कि यह कोई पत्थर या ईंट हो सकती है, लेकिन जैसे ही उसने इसे देखा, तो डर का माहौल पैदा हो गया। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *