कोटा के कैथून में ईसाई मिशनरी पर भील समाज के लोगों का धर्मांतरण करने आरोप लगा था। अब पुलिस ने उसके अमेरिका से आए उसके दामाद के खिलाफ वीजा की शर्तों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। बता दें कि कोटा निवासी ईसाई मिशनरी जॉय मैथ्यू का दामाद कॉलीन अपनी पत्नी व बच्चों के साथ यूएस (अमेरिका) से कोटा आया था। बजरंग दल ने आरोप लगाया था कि मोतीपुरा गांव में रामजी टापरियां में ये लोग मिलकर भील समाज के 50 लोगों पर धर्म बदलने का दबाव बनाकर नॉनवेज खाना और गले में क्रॉस का लॉकेट पहना रहे है। पुलिस में शिकायत के बाद ईसाई मिशनरी और विदेशी नागरिक को थाने लेकर गई थी। अब विदेशी नागरिक के खिलाफ वीजा की शर्तों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- विदेशी नागरिक कॉलीन के खिलाफ धारा 13 विदेशी विषयक अधिनियम 1946 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। डीओ ड्यूटी इंचार्ज ने शिकायत दी थी कि 21 अप्रैल को रामजी की टापरियां (भीलो की टापरियां) में कॉलीन नाम का विदेशी नागरिक आया हुआ है। वह बिना किसी अनुमति के अपने ससुर जॉय मैथ्यू के जरिए भील समुदाय के साथ बैठक कर रहा है। सभा के बाद उनको मुफ्त में खाना खिला रहा है। जांच में सामने आया कि वह वीजा की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है। वह ट्यूरिस्ट वीजा पर भारत आया हुआ है।


