श्रीगंगानगर जिले की श्रीविजयनगर क्षेत्र में हाल ही हुई पंचायत परिसीमन की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो लोगों को नोटिस जारी किया है। 42GB को 28 जीबी में बदलने के विरोध में जलदाय विभाग की पानी की डिग्गी (टंकी) पर चढ़े दो लोगों अमरनाथ और गोविंदराम पर अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, बिना किसी पूर्व अनुमति के सार्वजनिक स्थल पर इस तरह का प्रदर्शन करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आमजन की सुरक्षा को भी खतरा होता है। प्रशासन ने दोनों प्रदर्शनकारियों पर रुपए 1,80,000 की राशि जमा करवाने का आदेश दिया है। बताया जा रहा है कि अमरनाथ और गोविंदराम की यह मांग थी कि क्षेत्र की 42GB भूमि को यथावत रखा जाए तथा उसे 28 जीबी में परिवर्तित न किया जाए। साथ ही, उन्होंने 4AS को 42GB में ही शामिल करने की भी मांग की। इस मुद्दे को लेकर दोनों व्यक्तियों ने बिना अनुमति के टंकी पर चढ़ प्रदर्शन किया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा। डीआईजी गौरव यादव ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


