राज्य सरकार की ओर से ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के तहत दौसा जिले के लिए चयनित स्टोन आर्टिकल्स उत्पाद विनिर्माता इकाइयों को लाभान्वित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महा प्रबन्धक मेघराज मीणा ने बताया कि ओडीओपी के तहत चयनित उत्पादों के आधार पर उस जिले को एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से ‘एक जिला, एक उत्पाद नीति-2024’ अधिसूचित की गई है। यह योजना 31 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले के स्टोन आर्टिकल्स उत्पाद को ओडीओपी के तहत चयनित किया गया है। जिले की सभी ओडीओपी विनिर्माता इकाइयों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। इसके तहत सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा ओडीओपी पंजीकरण की प्रक्रिया के लिए एक आवेदन पत्र एसएसओ पोर्टल पर ONE DISTRIC ONE PRODUCT (ODOP) ICON द्वारा ऑनलाइन कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई इस नीति में मार्जिन मनी सहायता, तकनीकी एवं सोफ्टवेयर अधिग्रहण सहायता, गुणवत्ता प्रमाणन एवं मानकों के लिए सहायता, विपणन एवं ई-कॉमर्स सहायता जैसे देय सभी लाभ भी इसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दिए जाने प्रस्तावित है। इसके साथ ही इस पोर्टल पर विभिन्न योजनाओं के आवेदन पत्र ऑनलाइन किया जाना प्रक्रियाधीन है।


