भाजपा सांसद का सोशल मीडिया हैंडलर नर्मदा में कूदा:बड़वानी में दिनभर चली सर्चिंग; परिजन ने लगाया जाम,1 मई को होनी थी शादी

बड़वानी में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी के सोशल मीडिया हैंडलर महेंद्र भाटी बुधवार सुबह से लापता हैं। उनकी बाइक और चप्पलें नर्मदा पर बने कसरावद पुल पर मिली है। आशंका है कि उन्होंने नदी में छलांग लगाई है। 1 मई को उनकी शादी होने वाली थी। सूचना मिलने के बाद सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। शाम तक उनका पता नहीं चल सका है। इससे नाराज परिजन और लोगों ने शाम 4 बजे पुल पर चक्काजाम कर दिया है। इससे दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। पुलिस ने परिजन को समझाइश दी। 6 घंटे चले प्रदर्शन के बाद परिजन को घर भिजवाया। अब गुरुवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर लिखा- मौत का जिम्मेदार मैं खुद
महेंद भाटी बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे अपने घर ग्राम कल्याणपुरा से निकले थे। 10 बजे उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट की। जैसे ही दोस्तों और रिश्तेदारों ने पोस्ट देखी वे नर्मदा नदी के कसरावद पुल पर पहुंच गए। देखिए 5 तस्वीरें… परिजन बोले- गोताखोर भी छोड़कर चले गए
महेंद्र के ममेरे भाई मोहित चौहान ने बताया कि हम सुबह 11 बजे से उनकी तलाश कर रहे हैं। 7 से 8 घंटे बीत गए लेकिन वह कहीं नहीं मिले। प्रशासन मदद नहीं कर रहा है। नाविक और गोताखोर भी हमें अकेला छोड़कर चले गए हैं। पिता बोले-उसकी पसंद से तय की थी शादी
महेंद्र भाटी के पिता गोपाल भाटी ने बताया कि उसकी शादी 1 मई को होने वाली थी। विवाह पत्रिका भी बंट चुकी थी। शादी महेंद्र की पसंद से तय की गई थी और तैयारियां चल रही थीं। सांसद सुमेर सिंह के दोस्त भी हैं महेंद्र
महेंद्र राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह के दोस्त भी हैं। दोनों ABVP में साथ-साथ लंबे समय तक काम किया है। 2019 में सुमेर सिंह सोलंकी मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। तब से ही महेंद्र भाटी उनके मीडिया हैंडलर रहे थे। महेंद्र ग्राम कल्याणपुरा के रहने वाले हैं। बड़वानी शहीद भीमा नायक शासकीय महाविद्यालय से एमए किया है। महेंद्र का बड़ा भाई कमल भाटी और एक बहन हैं। पिता गोपाल भाटी किसान हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *