जमशेदपुर | ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की आमसभा साकची के एक होटल में 1 मई को आयोजित की जाएगी। आमसभा शाम 5 से रात 10 बजे तक चलेगा। सभा को बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना खालिद सैफुल्ला रहमानी, महासचिव मौलाना फज्जलुर्र रहीम, सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद, डॉ. इरफान अंसारी समेत कई प्रमुख वक्ता संबोधित करेंगे। यह जानकारी आयोजन समिति के संयोजक रियाज शरीफ ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह सभा केन्द्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित वक्फ कानून 2025 के विरोध में बुलाई गई है। यह कानून जल्दबाजी में लाया गया है और इसमें समुदाय विशेष के विचारों को नजरअंदाज किया गया है। नए कानून में 44 संशोधन किए गए हैं, जिससे वक्फ की संपत्तियों की सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया है। पूर्व के वक्फ एक्ट 1995 में बेहतर व्यवस्था थी, जिसे सभी पक्षों को विश्वास में लेकर और मजबूत किया जा सकता था। लेकिन जेपीसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं और इसे सरकार के प्रभाव में बताया गया है।


