गर्मी शुरू मगर स्टेशन पर सितंबर से आरओ वाटर वेंडिंग मशीनें बंद

भास्कर न्यूज | अमृतसर इस बार गर्मी में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पेयजल की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से स्टेशन पर लगाई गई 7 आरओ वाटर वेंडिंग मशीनें सितंबर 2024 से बंद पड़ी हैं। मशीनें अगस्त 2024 में लगाई गई थी, इसका टेंडर हुआ मगर घाटा होने के कारण कंपनी का ठेकेदार कुछ दिन बाद ही छोड़कर चला गया। तब से यह मशीनें बंद पड़ी हुई है। रेलवे करीब 9 बार टेंडर की प्रक्रिया की चुकी है, मगर इन मशीनों के चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। नतीजतन यह मशीनें धूल फांक रही है। बता दें कि फिरोजपुर रेलवे डिवीजन की ओर से स्टेशन के 7 प्लेटफार्मों पर 7 मशीनें लगाई गई थी। इन मशीनों पर यात्रियों को सस्ते दाम पर आरओ का पानी दिया जाता है। फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी का कहना है कि मशीनों को चलाने की प्रक्रिया चल रही है। मशीनों को दोबारा शुरु करने के लिए टेंडर लगाए गए थे मगर किसी को अलॉट नहीं हो सका। अभी भी प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इन मशीनों को चलाने का टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा। प्लेटफार्मों पर लगाई गई 7 आरओ वाटर वेंडिंग मशीनों पर यात्रियों को सस्ते दाम पर पेयजल मिलता था। 300 एमएल की अपनी बोतल में 2 तो कंपनी की बोतल में 3 रुपए रेट था। इसी तरह 500 एमएल पानी अपनी बोतल में 3 रुपए, कंपनी की बोतल में 5 रुपए में मिलता था। अपनी बोतल में एक लीटर के लिए 5 रुपए और कंपनी की बोतल में 8 रुपए, 2 लीटर के लिए अपनी बोतल में 8 और कंपनी की बोतल में 12 रुपए और 5 लीटर की अपनी बोतल के लिए 20 रुपए, जबकि कंपनी की बोतल में 25 रुपए देने पड़ते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *