भास्कर न्यूज| महासमुंद जम्मू कश्मीर के पहलगाम पर्यटन स्थल पर 22 अप्रैल को आतंकियों के किये गए हमले में 28 नागरिकों की निर्मम हत्या को कायराना हरकत बताते हुए बुधवार को महासमुंद नगर के नेहरू चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आतंकियों का पुतला दहन किया गया। हमले में शामिल आतंकियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने पहलगाम में आतंकियों के किये गए हमले को देश और धर्म विरोधी बताते हुए कहा कि जहां पर हमला किया गया वहां पर प्रत्यक्षदर्शियों ने स्पष्ट कहा है कि आतंकवादियों ने सभी मृतकों से उनका धर्म पूछने के बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी है। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि वो हिन्दू धर्म विरोधी और एक समुदाय विशेष से जुड़े हुए आतंकी थे। उनका टारगेट अपने धर्म को छोड़कर, हिन्दू धर्म के लोगो को ही मारना था। इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए इन आतंकियों को तत्काल सजा देना ही होगा। पहलगाम हमले में मृत लोगो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर किया। इस मौके पर डॉ. विमल चोपड़ा, महेंद्र सिका, देवीचंद राठी, हुलसी चंद्राकर, सुधा साहू, दुबेलाल साहू, डिगेश्वरी चंद्राकर, गोपाल वर्मा, सुजाता विश्वनाथन सहित अन्य लोग मौजूद थे।


