भास्कर न्यूज | तुस्मा सब स्टेशन तुस्मा क्षेत्र में हर रात 11 बजे से 2 से 3 घंटे तक बिना बताए बिजली काटना जारी है। इस कारण ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। तेज गर्मी में लोग पसीने से भीग जाते हैं। नींद पूरी नहीं हो पा रही है जिससे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सब स्टेशन तुस्मा में होने पर भी रात में बिजली नहीं मिल रही है। ऑपरेटर अपनी मर्जी चला रहे हैं और ड्यूटी के दौरान लापरवाही कर रहे हैं। विभाग में शिकायत करने के बाद भी कोई असर नहीं हो रहा है। सुबह बिजली सप्लाई पूरी दी जाती है, लेकिन रात होते ही कटौती शुरू हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर बिजली का बिल जमा करने के बाद भी बिना बताए बिजली क्यों काटी जा रही है। हर रात बिजली जाने से कूलर, पंखा, टीवी जैसे उपकरण खराब हो रहे हैं। गर्मी के दिनों में अक्सर सांप, बिच्छू निकलते हैं, जिससे अंधेरे में लोगों को पता नहीं चल पाता और वे शिकार हो जाते हैं। बिजली कटौती करने से पहले जानकारी भी नहीं दी जाती है। गांव में सब स्टेशन होने पर भी लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। सुधार नहीं हुआ तो करेंगे प्रदर्शन: ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती की समस्या में सुधार नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन करते हुए बिजली ऑफिस का घेराव किया जाएगा। रोजाना रात में बिना बताए बिजली कटौती से लोग आराम से सो नहीं पा रहे हैं। क्षेत्र के छह से अधिक ग्राम पंचायत के लोग परेशान हैं। कोरबा में बंद हैं दो यूनिट ^अभी दो यूनिट कोरबा से बंद हैं। सुधार होने के बाद बिजली कटौती की समस्या ठीक हो जाएगी। – आशीष लहरे, सहायक अभियंता


