राजस्थान में बारिश के साथ ओले गिरेंगे:जयपुर सहित कई संभागों में तेज बरसात की चेतावनी, पिछले 24 घंटे में 4 डिग्री गिरा पारा

राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने और उत्तरी हवा के कमजोर होने से रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे लोगों को आज से कड़ाके की सर्दी से राहत मिलनी शुरू होगी। उधर, राजस्थान में शनिवार को शीतलहर और कोहरे से कई शहरों का तापमान गिर गया। सीकर, जयपुर, पिलानी, अजमेर के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। 23 दिसंबर से भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। 26-27 दिसंबर को बारिश और ज्यादा तेज हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है। माैसम विशेषज्ञों के मुताबिक आज राज्य में सर्द हवा का प्रभाव कम होगा। सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिलेगी। अगले एक सप्ताह में कई शहरों में रात के मिनिमम तापमान में बढ़ोतरी होगी। अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकते हैं। पिछले 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 26.2 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जोधपुर में 25.8 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 24.8, चूरू में 23.4, जैसलमेर में 21.4, कोटा में 23.5, जयपुर में 23.9, अजमेर में 24.2 और उदयपुर में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसलिए कम होगी रात में सर्दी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 25-26 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पर एक्टिव होगा। इस सिस्टम का असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस सिस्टम के एक्टिव होने से उत्तर से आने वाली हवा थम जाएगी और पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *