राज्य के उच्च माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं -12वीं के विद्यार्थियों को नए साल की शुरुआत के साथ ही व्याख्याता मिल जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2021-22 और 2022-23 की डीपीसी में पदोन्नत हुए 10515 लेक्चरर की पोस्टिंग के लिए शुक्रवार को ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल घोषित कर दिया है। काउंसलिंग की प्रक्रिया 24 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलेगी। पदोन्नत व्याख्याता के पोस्टिंग आदेश 15 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। इससे पूर्व 24 दिसंबर को काउंसलिंग के लिए अस्थाई वरीयता सूची जारी होगी। अस्थाई वरीयता सूची पर संबंधित शिक्षक आपत्ति होने पर 31 दिसंबर तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। आपत्तियों का निस्तारण कर 6 जनवरी को अंतिम वरीयता सूची और काउंसलिंग में शामिल होने वाले रिक्त पदों जारी किए जाएंगे। पदोन्नत व्याख्याता 7 जनवरी से 10 जनवरी तक ऑनलाइन स्कूलों का चयन एवं ऑप्शन लॉक कर सकेंगे। पदोन्नत लेक्चरर की ओर से दिए गए विकल्पों के आधार पर 13 जनवरी को रिजल्ट तैयार किया जाएगा। 15 जनवरी को संबंधित लेक्चरर के पदस्थापन आदेश जारी होंगे। यथास्थान जोइनिंग की तिथि में बढ़ोतरी ऑनलाइन काउंसलिंग का कैलेंडर घोषित करने के साथ ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने पदोन्नत व्याख्याता के यथास्थान कार्य ग्रहण करने की अंतिम तिथि में भी आगामी आदेशों तक बढ़ोतरी कर दी है। पूर्व में पदोन्नत व्याख्याता को 23 दिसंबर तक वर्तमान स्थान पर कार्य ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। प्रमोटी डिप्टी डीईओ फिजिकल की ऑनलाइन काउंसलिंग 8 जनवरी से बीकानेर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2023-24 की डीपीसी में चयनित डिप्टी डीईओ फिजिकल की ऑनलाइन काउंसलिंग का शिड्यूल भी घोषित कर दिया है। डीपीसी में 24 डिप्टी डीईओ फिजिकल का चयन हुआ है। पोस्टिंग के लिए यह शिक्षा अधिकारी 8- 9 जनवरी को ऑनलाइन स्कूलों का चयन व ऑप्शन लॉक कर सकेंगे। इनके पदस्थापन आदेश 10 जनवरी को जारी किए जाएंगे।


