पीएमश्री केंद्रीय स्कूल झालावाड़ में केंद्रीय स्कूल संगठन जयपुर संभाग की 54वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मशाल जलाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। कबड्डी प्रतियोगिता 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 24 से 26 अप्रैल तक चलेगी। इसमें जयपुर संभाग की 21 टीमों के 231 खिलाड़ी अपना कौशल दिखाएंगे। प्रतियोगिता से दो टीमों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। स्कूल के प्रिंसिपल वेद प्रकाश मीणा ने बताया कि खिलाड़ियों के रहने, खाने और अन्य सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और राजस्थानी गीतों पर युगल नृत्य प्रस्तुत किए। शारीरिक शिक्षक ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी चिरंजीलाल मीणा, एसडीएम अभिषेक चारण, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी महेश सिसोदिया, राजकीय बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चारूलता तिवारी और क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर से आए चयनकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओम सिंह और अनुप्रिया ने किया।


