राजस्थान सरकार ने विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर फार्मासिस्टों को फार्मासिस्ट ग्रेड प्रथम पर पदोन्नत करने के बाद अब पदस्थापन कर दिया गया है। इस निर्णय का फार्मासिस्टों ने स्वागत किया है। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि एक लंबे अरसे से पदस्थापन का इंतजार कर रहे राजस्थान के सरकारी फार्मासिस्ट में खुशी है उनकी मांग अब पूरी हुई है। उन्होंने बताया कि ग्रेड प्रथम पर पदस्थापन होने से फार्मासिस्टों को अपने कार्यों में अधिक स्वतंत्रता और अधिकार मिलेगा, जिससे वे अपने रोगियों को और भी बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकेंगे। फार्मासिस्ट संघ ने मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री का आभार व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि गैर अनुसूचित क्षेत्रों के 728 पदों एवं अनुसूचित क्षेत्रों के 28 पदों सहित कुल 756 फार्मासिस्ट का चयन किया गया है। पदोन्नत फार्मासिस्ट को सवा साल बाद पोस्टिंग मिली है। पिछले साल जनवरी में फार्मासिस्ट से फार्मासिस्ट प्रथम के आदेश हुए थे लेकिन मामला कोर्ट में चला गया था।


