राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्व अधिकारी (RO) ग्रेड-2 और अधिशाषी अधिकारी (EO) ग्रेड-4 भर्ती परीक्षा-2022 का रिजल्ट जारी कर दिया है। स्वायत्त शासन विभाग में कुल 111 (EO के 90 और RO के 21) पदों के लिए यह परीक्षा हुई थी। प्रोविजनल लिस्ट में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 309 अभ्यर्थियों का चयन किया है। कुल 4 लाख 37 हजार 870 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 23 मार्च को दोबारा आयोजित हुई परीक्षा में इनमें से 1 लाख 20 हजार 574 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रोविजनल लिस्ट में शामिल 309 अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा। इसमें सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन सूची में स्थान मिलेगा। इसके बाद आयोग फाइनल रिजल्ट जारी करेगा और चयनित अभ्यर्थियों की सूची नियुक्ति के लिए विभाग को भेजी जाएगी। 300 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित
RPSC के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया- RO-EO भर्ती परीक्षा में लगभग 300 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया गया है। इन अभ्यर्थियों ने पांच विकल्प वाले प्रश्नों में से 10 प्रतिशत से अधिक सवालों का उत्तर नहीं दिया था। वहीं, एक अभ्यर्थी का परिणाम प्रशासनिक कारणों से रोक दिया गया है। जबकि चार अभ्यर्थियों के मामले कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण उनका परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है। यहां देखें कट ऑफ मार्क्स… पहले पेपर लीक और नकल के कारण निरस्त हो गई थी परीक्षा
इससे पहले, 14 मई 2023 को आयोग ने ये परीक्षा आयोजित करवाई थी। इसमें 1 लाख 96 हजार 483 कैंडिडेट शामिल हुए थे। पात्रता जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 311 अभ्यर्थियों की लिस्ट जारी की गई थी। लेकिन, पेपर लीक और नकल के कारण आयोग ने 25 अक्टूबर 2024 को परीक्षा निरस्त कर दोबारा कराने का निर्णय लिया था। ——————-
पढ़ें ये खबर भी… EO-RO भर्ती एग्जाम में दौड़ते-हांफते पहुंचे कैंडिडेट:11 बजे गेट बंद, नहीं मिली एंट्री; चेकिंग में युवती का जूड़ा और जूते-मौजे खुलवाए राजस्व अधिकारी (RO) ग्रेड-2 और अधिशाषी अधिकारी (EO) ग्रेड-4 भर्ती परीक्षा 2022 आज दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। नकल के कारण रद्द होने के बाद परीक्षा दोबारा हो रही है। (पूरी खबर पढे़ें)


