सिटी रिपोर्टर | रांची श्री गुरु सिंह सभा और स्त्री सत्संग सभा के तत्वावधान में 30 मई को पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल सभागार में गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस मनाया जाएगा। श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि इस उपलक्ष्य में मेन रोड गुरुद्वारा में श्री सुखमणि साहिब का पाठ रखा गया है। 25 मई तक श्री सुखमणि साहिब का पाठ किया जाएगा। श्री सुखमणि साहिब के पाठ में सुरेंद्र कौर, खेम कौर, सोनिया कौर, भसीन, परमजीत कौर अमरजीत कौर कोहली, बलबीर कौर, संध्या रानी, जितेंद्र कौर, चंदा आहूजा, मीणा आहूजा शामिल हुई। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए नरसंहार को लेकर सिख समाज द्वारा निंदा की गई। आतंकवादी घटना में हुए शहीदों की आत्मा की शांति के लिए गुरुवार को सामूहिक अरदास की गई। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरमीत सिंह और महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने कहा कि रांची का पूरा सिख समाज इस घटना की निंदा करता है और सरकार से आग्रह करता है शहीदों के परिवारों को सम्मान उचित मुआवजा दिया जाए और आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा जाए। सिख समाज देश की सेवा के लिए सदा तत्पर है और वाहेगुरु से कामना करते हैं कि जम्मू कश्मीर में अमन और शांति बनी रहे आपस में मिलकर रहें और इंसानियत को जिंदा रखें।


