आंगनबाड़ियों केंद्रों में फफूंद लगी सब्जी की सप्लाई, बच्चों को फूड पाइजनिंग का खतरा

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में आंगनबाड़ियों में सप्लाई के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है, यहां महिला समूह के द्वारा संचालित किए जाने वाले सी मार्ट से जिले भर की आंगनबाड़ियों में खाद्य सामग्री हरी सब्जी, अंडे की सप्लाई की जाती है। मार्ट के द्वारा जिले में 1062 आंगनबाड़ी केंद्रों में खाद्य सामग्री सप्लाई की जाती है। इन सामानों की गुणवत्ता कैसी भी हो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लेना ही पड़ता है, जिसके पीछे की वजह है जिला प्रशासन के आदेश से ही सी मार्ट से सप्लाई होना है। ऐसे ही एक आंगनबाड़ी केंद्र पर जब भास्कर की टीम पहुंची तो दुवाली करका आंगनबाड़ी केंद्र में एक पालीथीन में 6 आलू, पके हुए परवल, ढाई सौ ग्राम सोयाबीन बड़ी और फफूंद लगा हुआ पत्ता गोभी केंद्र में रखा हुआ था। कार्यकर्ता ने बताया यह सामान उसके द्वारा नहीं खरीदा गया है जो सप्लाई में आया है वही है। कार्यकर्ता ने बताया दुवाली करका केंद्र में 2 महीने से अंडा की सप्लाई भी नहीं की गई है। मासूम बच्चों की सेहत से कर रहे खिलवाड़ आंगनबाड़ियों में सप्लाई के नाम पर मासूम बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, सड़ी हुई सब्जी खिलाकर विभाग कुपोषण दूर करने का दावा करते नहीं थक रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की आंगनबाड़ियों में सप्लाई के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है, सी मार्ट द्वारा अपनी वाहनों से सप्लाई किया जाता है, गाड़ी के किराए से लेकर सभी बिंदुओं पर जांच हुई तो बड़ा खुलासा हो सकता है। कार्यक्रम अधिकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने कहा गर्मी को देखते हुए अंडा बंद किया गया है, सी मार्ट को ऑर्डर दिया जाता है उसके हिसाब से सप्लाई होती है, सब्जी में फफूंद लगा था तो कार्यकर्ता को नहीं लेना चाहिए। कुपेर में 7 लोग सब्जी खाकर हुए थे बीमार दंतेवाड़ा| दुवाली करका आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चे। जिले में महिलाओं को रोजगार मिले उनकी आर्थिक स्थित में सुधार हो इसलिए जिला प्रशासन द्वारा सी मार्ट से जिले भर की आंगनबाड़ियों में खाद्य सामग्री की सप्लाई करवाई जाती है, पर हरी सब्जियों की सप्लाई में गड़बड़ी सामने आ रही है, सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं। इसकी सप्लाई पर रोक लगा हरी सब्जियों के लिए विभाग को दूसरी व्यवस्था करने की जरूरत है। दंतेवाड़ा में महिला बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर अक्सर सवाल खड़े होते हैं, कभी रेडी टू ईट मेंं गड़बड़ी उजागर होती है तो कभी गुणवत्ताहीन सामान की सप्लाई को लेकर। 24 दिन पहले कुपेर गांव में आंगनबाड़ी की पत्ता गोभी की सब्जी खाकर 7 लोग बीमार हो गए थे , जिसमें 6 ग्रामीण व 1 आंगनबाड़ी की बच्ची शामिल थी। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था, इसके बाद भी मासूम बच्चों के लिए सप्लाई किए जा रहे सामान की गुणवत्ता को नजरअंदाज किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *