भास्कर न्यूज | बालोद हैदराबाद में मजदूरी करने गए जिले के ग्राम भाठागांव (गुंडरदेही) निवासी देवीलाल विश्वकर्मा (24 वर्ष) की दो दोस्त योगेश और मुकेश ने चाकू मारकर हत्या कर दी। रात में बची मछली सब्जी और चावल को कुत्ते को खिलाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार भाठागांव निवासी देवीलाल विश्वकर्मा, बिरेतरा निवासी योगेश निषाद (23 वर्ष) और पीपरछेड़ी निवासी मुकेश साहू (20 वर्ष) तीनों हैदराबाद के नागोल इलाके में स्थित श्रीकृष्ण वाटर प्लांट में मजदूरी करने गए थे। घटना रविवार रात को हुई थी। अंतिम संस्कार गुरुवार को गृहग्राम में हुआ। साथ में काम करने वाले वेंकटेश यादव ने पुलिस को जानकारी दी है कि रविवार रात तीनों ने शराब पी और फिर मछली-भात खाया। जब सब्जी बच गया तो देवीलाल ने उसे कुत्ते को खिला दिया। जिससे नाराज होकर योगेश और मुकेश भड़क गए। जिसके बाद देवीलाल के पेट में चाकू मार दिया। हमले के बाद देवीलाल को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चाकू इतनी जोर से मारा गया था कि उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। दो घंटे तक तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने नागोल थाने में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।


