कपूरथला में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को नई दिशा मिली। हजारों लोगों ने 3 किलोमीटर की वॉकथॉन में हिस्सा लिया। इसमें स्कूली छात्र, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस वॉलंटियर्स शामिल रहे। सभी ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संकल्प लिया। गुरु नानक स्टेडियम से शुरू हुई वॉकथॉन में युवाओं ने नशा मुक्त पंजाब के लिए नारे लगाए। छात्रों ने खुद नशा न करने का प्रण लिया। साथ ही समाज को नशे से बचाने के लिए दूत बनने की प्रतिबद्धता जताई। वॉकथॉन शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। डीसी अमित कुमार पंचाल, जिला योजना बोर्ड चेयरपर्सन ललित सकलानी और एसएसपी गौरव तूरा ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। भुलत्थ से जल संसाधन विभाग के निदेशक हरसिमरन सिंह घुम्मण, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन सज्जन सिंह चीमा और आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजीमान भी मौजूद थे। लोगों से मुहिम का हिस्स बनने की अपील वॉकथॉन का रास्ता गुरु नानक स्टेडियम से सैनिक स्कूल, शहीद भगत सिंह चौक और सत्त नारायण बाजार होते हुए वापस स्टेडियम तक पहुंचकर संपन्न हुआ। डीसी अमित कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ पंजाब सरकार का अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने लोगों से इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की। साथ ही कहा कि मिलकर इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है।


