उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुंबई में आयोजित ‘इंडिया स्टील 2025’ सम्मेलन में शामिल हुए। जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2030 तक 300 मिलियन टन इस्पात उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त करने में छत्तीसगढ़ की केंद्रीय भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा देश को इस्पात उत्पादन का वैश्विक केन्द्र बनाने में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्पंज आयरन और स्टील यूनिट्स को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार 150 फीसदी तक इंसेंटिव और छूट प्रदान कर रही है। उन्होंने उद्योगपतियों को राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। यह सम्मेलन 24 से 26 अप्रैल 2025 तक बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर मुंबई में आयोजित किया गया है। यह आयोजन भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। पीएम मोदी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान इस्पात राज्य मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा भी उपस्थित रहे। देश के 18 फीसदी लोहे का भंडार छत्तीसगढ़ में उद्योग मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टील कैपिटल ऑफ इंडिया है। हमारे पास देश के लौह भंडार का 18 प्रतिशत है। बैलाडीला खदानों से निकलने वाले लौह अयस्क को गुणवत्ता के मामले में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। ग्रीन स्टील से जुड़ी तकनीक को अपनाने में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।


