शादी के 10 महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत:झांसी में पिता बोले- शरीर पर चोट ही चोट, 5 लाख नहीं दिए तो बेटी की हत्या कर दी

झांसी में शादी के 10 माह बाद ही एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि “बेटी मोहनी यादव के शरीर पर चोट ही चोट है। दहेज में 5 लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी की हत्या की गई है। बेटी का ससुर पुलिस में सिपाही है। ससुराल वाले बेटी को ताने देते थे कि पैसे मिलेंगे तो रानी बनाकर रखेंगे। नहीं मिले तो नौकरानी बनकर रहना होगा।” फिलहाल पुलिस ने मोहनी के शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के कुम्हार का कुआं गांव का है। 14 फरवरी को हुई थी शादी मोहनी यादव (24) का मायका जालौन के नदीगांव में है। उसके पिता गोविंद सिंह यादव ने बताया कि “14 फरवरी 2024 को मोहनी की शादी कुम्हार का कुआं गांव निवासी विवेक यादव से की थी। विवेक के पिता आगरा पुलिस में सिपाही हैं। शादी में हैसियत के अनुसार 15 लाख रुपए कैश और 7 लाख रुपए का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ही ससुराल वाले 5 लाख रुपए कैश की डिमांड करने लगे। वे बेटी को परेशान करने लगे। तब कई बार हम लोग रिश्तेदारों को लेकर बेटी के ससुराल आए और समझाइश की। उनकी डिमांड पूरी करने के लिए भी हम लोग तैयार हो गए थे, लेकिन कुछ दिनों की मोहलत मांगी थी। मगर वे बेटी को प्रताड़ित करते रहे।” पिता बोले- झांसी आए तो मृत मिली बेटी पिता ने आगे बताया कि शुक्रवार को बेटी ने अपनी मां रानी को फोन लगाया। तब बेटी ने बताया कि दहेज के लिए मारपीट कर रहे हैं। जल्दी आ जाओ। तब हम लोग शाम को झांसी पहुंचे। यहां पर निजी अस्पताल में बेटी की लाश मिली है। मोहनी की मौत के बाद उसके ससुराल वाले भाग गए। बेटी की लाश देखकर पिता रोने लगे। मोहनी उनकी इकलौती बेटी थी। उससे छोटा एक बेटा है। पिता ने दोषियों को सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। गोविंद सिंह यादव किसान हैं। छत से गिरने से हुई मौत सीओ सिटी रामवीर सिंह का कहना है कि कुम्हार का कुआं गांव में एक महिला छत से गिर गई थी। उसको परिजनों ने हॉस्पीटल में एडमिट करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *