छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि मार्च 2026 तक न केवल बस्तर से, बल्कि पूरे देश से सशस्त्र नक्सलवाद का खात्मा किया जाएगा। यह बयान उस वक्त आया है जब बस्तर और तेलंगाना सीमा पर सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों को घेरे जाने के बाद नक्सलियों की ओर से एक शांति वार्ता पत्र जारी किया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा, आज जब हमारे सुरक्षा बल के जवान कठिन और दुर्गम इलाकों में जाकर नक्सल उन्मूलन का काम कर रहे हैं, अपनी बहादुरी और वीरता से लड़ रहे हैं, तो ऐसे समय में नक्सली इस तरह का प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं। लेकिन हमारा मानना है कि वे शस्त्र छोड़ें, विकास की मुख्यधारा में जुड़ें और समाज के साथ आकर रहें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां तक हमारे संकल्प का विषय है, 2026 मार्च तक बस्तर को नक्सल मुक्त करने के लिए हमारी सरकार लगातार काम करती रहेगी। हमारे सुरक्षा बल और जवान लगातार इस दिशा में कार्य करते रहेंगे।


