फोटोग्राफर की हत्या के बाद झालावाड़ में तनाव:15 से ज्यादा दुकानों में लगाई आग, एसएचओ का सिर फूटा, कई कस्बों में इंटरनेट बंद

झालावाड़ जिले के डग में शादी के दौरान गुरुवार शाम को फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए हैं। इसके बाद पत्थरबाजी की गई और एक मकान और कुछ दुकानों में आग लगा दी गई। घटना में रायपुर एसएचओ बन्नालाल चौधरी के सिर में चोट लगी है। उन्हें इलाज के लिए झालावाड़ रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बहाल की है। तनाव की स्थिति देखते हुए भवानी मंडी, गंगधार और पिड़ावा कस्बे में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। नीले रंग की गाड़ी में आए थे आरोपी
एसपी ऋचा तोमर ने बताया- गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे मेघवाल मोहल्ले में फायरिंग कर एक फोटोग्राफर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शंभू सिंह (20) निवासी लहसुड़िया (डग) के रूप में हुई। आरोपी नीले रंग की गाड़ी में आए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है। घटना के बाद सोंधिया समाज के लोग बस स्टैंड के पास जमा हो गए और भवानीमंडी-डग सहित सुवासरा रोड को जाम कर दिया। एक आरोपी युवक की गिरफ्तारी की सूचना के बाद दो पक्ष आमने सामने हो गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद 15 से ज्यादा दुकानों में आग लगा दी गई। पहले टक्कर मारी, फिर गोली चलाई
फोटोग्राफर शंभू के साथी दीपक ने बताया- कलश कार्यक्रम के दौरान मैं वीडियो बना रहा था। शंभू बैंड के पीछे चल रहा था। इस दौरान नीले रंग की गाड़ी में आए बदमाशों ने उसे टक्कर मार दी। शंभू पीछे मुड़ा तो एक बदमाश ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। वहीं सोंधिया समाज के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर डग-चौमहला रोड को जाम कर दिया। इससे लहसुड़िया और डग की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया। इसके बाद जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और एसपी ऋचा तोमर समझाइश के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। डग थाना सीआई पवन कुमार मीणा ने बताया- परिजनों से समझाइश कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजन शव को लेकर लहसुड़िया गांव चले गए हैं। आखिरकार वार्ता में बनी सहमति
डग के पास जामुनिया का खेड़ा गांव के पास स्थित भैरूनाथ मंदिर में प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता हुई। विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा ने बताया- परिवार और प्रशासन को मिलाकर 10 लोगों की समिति बनाई गई है, जिसमें कलेक्टर और एसपी शामिल रहेंगे। वहीं प्रशासन की ओर से अगर मांगे नहीं मानी गईं, तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। नागदा ने बताया-जिस गांव का आरोपी रहने वाला है। उसे वहां से हटाया जाए और उसके मकान को ध्वस्त किया जाए। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर डग कस्बे में जुलूस निकाला जाए। साथ ही परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। इस दौरान विधायक कालूराम मेघवाल ने परिवार को सरकार की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। — ये खबर भी पढ़ें… शादी समारोह में फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या:गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़-आगजनी; पथराव में पुलिसकर्मी का फूटा सिर झालावाड़ में शादी समारोह में फोटोग्राफर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाड़ी में आए बदमाशों ने पहले फोटोग्राफर को पीछे से टक्कर मारी। जैसे ही फोटोग्राफर मुड़ा तो उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गया। घटना के बाद लोगों ने उसको डग के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।(पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *