गढ़वा को मलेरिया मुक्त बनाने का लें संकल्प : सीएस

भास्कर न्यूज|गढ़वा विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में एक अंतर विभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पेयजल व स्वच्छता विभाग, नगर परिषद गढ़वा के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. पुष्पा सहगल, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. संतोष मिश्रा और जिला मलेरिया सलाहकार अरविंद कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर, एमपीडब्ल्यू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सीएस डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि विश्व मलेरिया दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि गढ़वा को मलेरिया मुक्त बनाया जाए। इसके लिए जन जागरूकता आवश्यक है। जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. पुष्पा सहगल ने मलेरिया से बचाव और इसके इलाज की विस्तृत जानकारी दी। महामारी विशेषज्ञ डॉ. संतोष मिश्रा ने कहा कि मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की जानकारी आइएचआइपी पोर्टल के माध्यम से ससमय उपलब्ध कराई जा रही है। अंत में मलेरिया नियंत्रण एवं बचाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मलेरिया सलाहकार अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि मलेरिया का संक्रमण मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है, जो साफ और ठहरे हुए पानी में अंडे देती है। उन्होंने लोगों से घर और आसपास जल जमाव न होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने और सप्ताह में एक दिन “सूखा दिवस” मनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए शपथ भी दिलाई गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *