भास्कर न्यूज|डंडई राष्ट्रीय मलेरिया दिवस के अवसर पर डंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एमपीडब्ल्यू यशवंत कुमार ने प्रखंड मुख्यालय के पैराडाइज पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों में जाकर मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों के कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से मिले और उन्हें मलेरिया जैसी बीमारी के लक्षण व बचाव का तरीका बताया। छात्र-छात्राओं को जागरुक करते हुए यशवंत कुमार ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर बीमारी है और यह बीमारी मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होती है। यह मच्छर एक बार में 200 तक अंडे देती है। जिससे मच्छरों का फैलाव तेज गति से होता है। बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि घर के आस-पास पानी जमा न होने दे। घर के आसपास गंदा पानी जमा होने से वहां पर गंदगी जमा हो जाती है, इससे उस स्थान पर मक्खी-मच्छर सहित अन्य जंतुओं के उस गंदगी पर बैठने से मनुष्य के आसपास आने तथा उनके काटने से व्यक्ति रोगग्रस्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि घर के आसपास अच्छे से सफाई प्रतिदिन करना चाहिए। घर के अंदर व समीप जलजमाव नहीं होने देना चाहिए। अच्छी तरह से सफाई कर केरोसीन व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करना चाहिए। मलेरिया के लक्षण-बुखार, ठंड लगना या पसीना आना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, तनाव और थकान होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर से परामर्श लेने को कहा। साथ ही बताया कि डंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच निशुल्क होती है।


