भास्कर न्यूज|लोहरदगा पूर्व राज्यसभा सांसद और ट्रक ऑनर एसोसिएशन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू के लोहरदगा स्थित आवास में तीन ट्रक ऑनर एसोसिएशनों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन, झारखंड पठारी चंदवा बॉक्साइट ट्रक ऑनर एसोसिएशन और झारखंड ट्रक ऑनर एसोसिएशन विमरला के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में हिंडाल्को कंपनी द्वारा एक अप्रैल से नया भाड़ा तय नहीं करने पर नाराजगी जताई गई। तय हुआ कि अगर एक सप्ताह के भीतर कंपनी नया भाड़ा तय नहीं करती और एक अप्रैल से एरियर जोड़कर भुगतान नहीं करती, तो तेज आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि झारखंड सरकार के दक्षिण छोटानागपुर प्रादेशिक प्राधिकार द्वारा 15 साल पुराने व्यावसायिक वाहनों को रोड परमिट नहीं दिया जा रहा है। जबकि राज्य के अन्य प्रमंडलों में ऐसे वाहनों को परमिट मिल रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार एक ओर टैक्स ले रही है, दूसरी ओर उन्हीं वाहनों को परमिट नहीं दे रही। इस पर धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि वे जल्द ही परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान कराएंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि कुछ निजी माइंस मालिक और एक बाहरी कंपनी लोहरदगा में बड़ी गाड़ियों का संचालन कर रही है। यह कंपनी हिंडाल्को से कम भाड़ा ले रही है। तय हुआ कि एसोसिएशन जिला प्रशासन, निजी माइंस मालिकों और कंपनी को लिखित अल्टीमेटम देगी कि हिंडाल्को के बराबर भाड़ा दें और बड़ी गाड़ियों का संचालन बंद करें। यहां करीब दो हजार 6 चक्का बॉक्साइट ट्रक चलते हैं। इनसे जुड़े ड्राइवर, खलासी, लोडर, अनलोडर, ट्रक मालिक, गैरेज, पेट्रोल पंप, टायर दुकान, पार्ट्स दुकान, होटल समेत करीब 50 हजार से 1 लाख लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं। धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि बड़ी गाड़ियों का संचालन हर हाल में रोका जाए। उन्होंने कहा कि सभी ट्रक मालिक और मजदूरों को जोड़कर इंटक को मजबूत किया जाएगा। बैठक में विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, उपाध्यक्ष अभय सिंह, सहसचिव रहमत अंसारी, मोहम्मद बबलू, राजेश शर्मा, झारखंड पठारी चंदवा बॉक्साइट ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सचिव धर्मेंद्र कुमार, मुद्रिका यादव, समसुल अंसारी, धर्मवीर कुमार, झारखंड ट्रक ऑनर एसोसिएशन विमरला के कोषाध्यक्ष शशिकांत मौजूद थे।


