ई-रिक्शा चोरी करने वाले 2 काबू, कबाड़ी भी पकड़ा

भास्कर न्यूज | लुधियाना ई रिक्शा चोरी कर उसकी बैटरियां बेचने वाले 2 आरोपियों को थाना दरेसी की पुलिस ने काबू किया है। आरोपियों से समान खरीदने वाले कबाड़िए को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का एक ई रिक्शा और 30 बैटरियां बरामद किया है। आरोपियों की पहचान संत विहार के रहने वाले प्रीतम दिवाकर और भगवान दास कॉलोनी के रहने वाले रवि कुमार उर्फ मोनू और कबाड़ का काम करने वाले शिव जी नगर के रहने वाले हरीश ग्रोवर के रूप में हुई है। पुलिस हिरासत में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एडी सीपी समीर वर्मा ने बताया कि आरोपियों को गुप्त सूचना पर काबू किया। सूचना मिली थी कि आरोपी दिवाकर और उसका साथी चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। इस पर थाना दरेसी के इंचार्ज सतवंत सिंह और उनकी टीम ने ट्रैप लगाकर दोनों आरोपियों को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग ई रिक्शा चोरी कर उसमें से बैटरियां निकालते हैं और कबाड़ का काम करने वाले हरीश ग्रोवर को बेचते हैं। इस पर पुलिस ने रेड कर हरीश ग्रोवर को काबू किया। ग्रोवर का समराला चौक के निकट गोदाम है। हरीश की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से 30 बैटरियां बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपी दिवाकर पर 3 मामले दर्ज हैं, जबकि मोनू पर 5 मामले दर्ज हैं। उन लोगों ने 10, से ज्यादा वारदाते कबूली हैं। उनसे पूछताछ जारी है। इस दौरान और भी वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *