भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना फोकल पॉइंट के जीवन नगर में बाइक सवार हथियारबंद लुटेरों ने करियाना स्टोर में घुसकर लूट की। 2 बाइक पर आए 6 बदमाशों ने गल्ले से 5 हजार रुपए निकाले और फरार हो गए। दुकानदार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। जिस पर थाना फोकल पॉइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना रात तकरीबन 9 बजे की है। जीवन नगर इलाके में करियाना की दुकान चलाने वाले नितिन सिंगला ने बताया कि रात को 2 बाइक पर 6 लोग आये और उनकी दुकान के सामने खड़े हो गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, उनमें से 5 लोग अंदर दुकान में आ गए और एक बाहर ही बाइक पर बैठा रहा। उनके हाथों में तेजधार हथियार और एक के हाथ मे रिवाल्वर था । आते ही उन लोगों ने दुकान में खड़े ग्राहकों को धमकाया और बाहर निकाल दिया। इसके बाद उन लोगों ने गल्ले में जितने भी रुपए थे उठाए और उसे धमकियां देते हुए फरार हो गए। दुकानदार का कहना है कि वारदात से कुछ देर पहले ही वह दुकान की सारी सेल घर रख आया था। गल्ले में सिर्फ 4 से 5 हजार रुपए ही थे। यह सारी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जिस पर जीवन नगर पुलिस चौकी के एएसआई गुरमीत सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि लुटेरों की पहचान की कोशिश जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।


