पहलगाम हमला-झारखंड के मंत्री ने मांगा हिमाचल CM का इस्तीफा:बोले-गृहमंत्री, रक्षा मंत्री जवाबदेही नहीं ले रहे, तो मैंने कहा कांग्रेस के मुख्यमंत्री ही नैतिकता दिखाएं

झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार का एक बयान इन दिनों वायरल हो गया है। दरअसल, पहलगाम में आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुदिव्य ने कहा था कि इसके लिए हिमाचल के सीएम सुखविंद सिंह सुक्खू से इस्तीफा मांगा जाना चाहिए। इसका वीडियो जब वायरल हुआ तो मंत्री ने शुक्रवार को बताया कि यह तंज था। इतनी बड़ी घटना पर जब कोई जवाबदेही नहीं फिक्स हो रही है तो मैंने कहा- हमारे सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो कांग्रेस के मुख्यमंत्री हैं, उन्हें नैतिक जवाबदेही लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा का आंदोलन किसके खिलाफ: मंत्री भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं। वो भी जरा इस बात को स्पष्ट करें कि यह आंदोलन उनका किसके खिलाफ है। प्रधानमंत्री भारतीय जनता पार्टी के हैं। देश की सीमाओं की रक्षा की जवाबदेही जिनपर है, वो रक्षामंत्री भाजपा के हैं। देश की आंतरिक सुरक्षा की जवाबदेही जिनके पास है, वो देश के गृह मंत्री हैं। अगर फेल्योर है तो जवाबदेह कौन। सुरक्षा में हुई चूक अत्यंत गंभीर विषय है सुदिव्य कुमार ने कहा- पहलगाम की घटना अत्यंत दुखद है, और इससे पूरे देश में आक्रोश व्याप्त है। हमारा मानना है कि देश की सुरक्षा में हुई चूक अत्यंत गंभीर विषय है और इसके लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उन्हें नैतिकता के आधार पर स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए। यह आचरण देखकर झारखंड वासियों का सिर शर्म से झुक गया: बाबूलाल मरांडी वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने x हेंडल पर लिखा- झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार का यह व्यंग्य उनके भीतर कूट कूट भरे अहंकार एवं पागलपन को दर्शाता है। जब पूरा देश ही नहीं पूरा दुनिया के लोग पहलगाम हमले को लेकर सदमे में हैं, ऐसे समय में किसी मंत्री का यह फूहड़पन शर्मनाक है और उनके इस आचरण की जितनी भी निंदा की जाय वो कम है। मैं तो इन्हें अपेक्षाकृत एक गंभीर व्यक्ति समझता था लेकिन इनका यह आचरण देखकर झारखंड वासियों का सिर शर्म से झुक गया है। लोहरदगा में दिया था बयान दरअसल, गुरुवार को मंत्री सुखदेव कुमार लोहरदगा से रांची लौट रहे थे। इसी क्रम में वह कुछ देर के लिए लोहरदगा परिषद में रुके, जहां पत्रकारों ने उनसे पहलगाम हमले पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि इसके लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस्तीफा मांगा जाना चाहिए। इस्तीफा इसलिए क्योंकि वह पहलगाम में अपने नागरिकों की सुरक्षा करने में विफल रहे हैं। इसके बाद उनका वीडियो वायरल होने लगा। बाद में उन्होंने कहा कि देश में इतना बड़ा आतंकी हमला हुआ है, लेकिन इसको लेकर कोई जवाबदेही नहीं ले रहा है। इसलिए हमने कहा कि इस घटना के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। इस घटना के बाद राष्ट्रीय शोक की घोषणा क्यों नहीं हुई सुदिव्य कुमार ने कहा- पहलगाम की घटना में 300 किलोमीटर दूर से अगर आंतकी टहलते हुए आ जाते हैं तो ये विफलता किसकी है। मैं तो सिर्फ यही कहना चाहता था कि अगर कोई जवाबदेही नहीं फिक्स हो रही है तो हमारे सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो कांग्रेस के मुख्यमंत्री हैं, उन्हें नैतिक जवाबदेही लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। इस घटना के बाद राष्ट्रीय शोक की घोषणा क्यों नहीं हुई। ये राष्ट्रीय आपदा का विषय था। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मेरे बयान को फूहड़ बताया। मैं बड़ा सम्मान करता हूं उनका। पर उनसे ये जरूर कहना चाहता हूं कि कल गिरिडीह में दिए गए उनके कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय के बयान को भी सुन लें। झारखंड से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय विदेशी सीमा का जो उन्होंने जिक्र किया है, तो उन्हें भी थोड़ा भूगोल का अध्ययन करवा देते कि झारखंड की सीमा से कोई भी अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं लगती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *