जयपुर व्यापार मंडल की ओर से चल रही ‘व्यापारिक सुरक्षा’ मुहिम के तहत शनिवार को वैशाली नगर व्यापार मंडल समिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों को लट्ठ वितरित किए गए। जयपुर व्यापार मंडल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर होने वाले हमलों से व्यापारियों को अपनी सुरक्षा करने के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ. ललित सिंह सांचौरा ने बताया कि कई बार माहौल बिगड़ने पर सबसे पहले व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जाता है। ऐसे में व्यापारी तुरंत हमलावरों का सामना नहीं कर पाते और जब तक प्रशासन पहुंचता है, तब तक नुकसान हो चुका होता है। उन्होंने बताया कि जयपुर के सभी व्यापार मंडलों में ‘लट्ठ वितरण अभियान’ चलाया जाएगा ताकि व्यापारी अपनी और प्रतिष्ठान की सुरक्षा खुद कर सकें। डॉ. सांचौरा ने आगे बताया कि हर व्यापार मंडल में 20 से 40 व्यापारियों की एक सुरक्षा समिति का गठन भी किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में समिति के सदस्य एक साथ मौके पर पहुंचेंगे और कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुहिम से व्यापारियों को आत्मरक्षा के लिए जोश, हिम्मत और ताकत मिलेगी और वे भय के माहौल से मुकाबला कर सकेंगे। कार्यक्रम में रमेश शर्मा, जितेंद्र सिंह महला, जितेंद्र गौतम, मुकेश यादव, प्रदीप शर्मा, शैलेंद्र सिंह, अनुदीप ठुकराल और नरेंद्र मिथिया सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।


