बालोद शहर के कुन्दरूपारा स्थित अटल आवास में शुक्रवार देर रात खड़ी एक बाइक और साइकल में अचानक आग लग गई। इस घटना में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। वहीं घटना के दौरान पड़ोसी की बाइक से पेट्रोल और बैटरी चोरी हो जाने की भी जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे नरेश नेताम के घर के सामने खड़ी उनकी बाइक और साइकल में आग भड़क उठी। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन प्राथमिक जांच में अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाने और चोरी की आशंका जताई जा रही है। बाइक के जलने से 70 हजार का नुकसान आग लगते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। नरेश नेताम के अनुसार बाइक के जलने से लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पड़ोसी की बाइक से पेट्रोल और बैटरी चोरी होने से अतिरिक्त नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने थाने में सूचना दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


