छत्तीसगढ़ के धमतरी में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में रैली निकाली गई। इस रैली में व्यापारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने एडीएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष पर्यटकों की हत्या की कड़ी निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। यह रैली छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की धमतरी इकाई की ओर से निकाली गई, जिसमें लोगों ने विरोध स्वरूप तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च किया। धमतरी में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की आक्रोश रैली रैली में शामिल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। उनका कहना था कि यह घटना न केवल दुखद, बल्कि शर्मनाक भी है, जहां आतंकवादियों ने एक-एक हिंदू नागरिक को पूछकर गोली मारी। उन्होंने प्रधानमंत्री से निवेदन किया कि इस प्रकार के आतंकवादियों को कड़ी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में कोई भी आतंकवादी हिंदुओं पर हमला करने का साहस न कर सके। रैली में भाग ले रहे प्रदर्शनकारियों ने ये भी कहा कि पहलगाम हमले से हर भारतीय में गुस्सा है। पहलगाम में छुट्टियां मना रहे पर्यटकों की बेरहमी से हत्या की गई। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि पहलगाम हमले में मारे गए हर पर्यटक के बदले 50 आतंकवादियों को मारा जाए, ताकि आतंकवादियों को यह कड़ा संदेश दिया जा सके कि भारत आतंकवाद को किसी भी हाल में सहन नहीं करेगा।


