चंबा में हादसे में 3 बच्चों के पिता की मौत:रात में घर लौटते समय खाई में गिरा; परिवार में इकलौता कमाने वाला था

चंबा जिला के राजेरा क्षेत्र में एक हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह घर लौटते समय गहरी खाई में गिर गया था। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान लवली कुमार के तौर पर हुई है। वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और अन्य परिजनों को छोड़ गया है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात लवली कुमार काम से अपने गांव बनेई लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पर अंधेरे में उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को मेडिकल कॉलेज चंबा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़े की उम्र 9 साल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *